धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका पर चाकू से हमला कर दिया। इस चाकूबाजी में वो गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूरा मामला कुरूद थाना क्षेत्र का है। युवती की पहचान अनीता मंडावी के रूप में हुई है, जो कि कोंडागांव की रहने वाली है और बालाजी राइस मिल में काम करती है। वहीं युवक की पहचान दिलेश्वर के रूप में हुई है, जो कि भाटा गांव का रहने वाला है और वो भी अनीता के साथ काम करता है।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी वक्त से प्रेम प्रसंग चल रहा है। दिलेश्वर अपने पैसों से अनीता के मोबाइल में रिचार्ज करवाता था, लेकिन उसे शक था कि उसके किए रिचार्ज से अनीता किसी और से घंटों बातें किया करती थी। इसी शक के चलते दिलेश्वर ने अनीता के घर में घुसकर उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में लड़की की कमर और जांघ समेत कई हिस्सों पर गहरे जख्म आए हैं। सबसे पहले उसे कुरूद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नाजुक हालत को देखते हुए उसे धमतरी के एक प्राइवेट अस्पताल में रेफर कर दिया गया। फिलहाल कुरूद पुलिस ने इस सनकी आशिक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की तफ्तीश में जुट गई है।







