दुर्ग, रक्तदान एवं नेत्रदान ऐसे महादान हैं जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकते हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से रक्तदान एवं नेत्रदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित होने की अपील की गई है। ये दान मानव सेवा के सर्वोच्च कार्यों में सम्मिलित हैं, जो अनेक लोगों को नया जीवन एवं नई आशा प्रदान करते हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार रक्तदान से दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी एवं शल्य चिकित्सा के दौरान मरीजों की जान बचाई जा सकती है। इसी प्रकार नेत्रदान से दृष्टिहीन व्यक्तियों को रोशनी मिल सकती है। किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके नेत्र दान किए जाने पर दो व्यक्तियों को दृष्टि प्रदान की जा सकती है। यह समाज के प्रति एक अमूल्य योगदान है। देहदान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। देहदान से मेडिकल विद्यार्थियों एवं चिकित्सकों को मानव शरीर की संरचना एवं विभिन्न रोगों के अध्ययन में सहायता मिलती है, जिससे भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
सभी नागरिकों से अपील है कि वे रक्तदान, नेत्रदान एवं देहदान के प्रति जागरूक बनें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। आपका एक छोटा-सा संकल्प किसी के जीवन में नई आशा, नई रोशनी और नया जीवन ला सकता है। संदेश के रूप में रक्तदान से जीवन बचाएं, नेत्रदान से रोशनी फैलाएं और देहदान से चिकित्सा शिक्षा को सशक्त बनाएं।







