रायपुर। खैरागढ़। जम्मू। 15वीं वोविनाम मार्शल आर्ट्स नेशनल चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 03 से 06 सितंबर तक जम्मू स्थित भगवती नगर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया। प्रतियोगिता में देश के 23 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 700 खिलाड़ियों एवं अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 22 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 7 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 2 रजत एवं 2 कांस्य पदक हासिल कर जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन किया।
छुईखदान की गरिमा सिंह चौहान ने अंडर-10 वर्ष, 35 किलोग्राम से कम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। गरिमा की यह उपलब्धि उनके निरंतर बेहतर प्रदर्शन का प्रमाण है। इससे पूर्व भी उन्होंने गत वर्ष आयोजित 4वीं KUDO State Championship में स्वर्ण पदक हासिल किया था।

इसी क्रम में बेनजीर ताज फातिमा एवं यशस्वी वर्मा ने अपने-अपने वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किए। वहीं शौर्य सिंह चौहान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
टीम के मैनेजर मुकेश सिंह चौहान ने भी ओवर-17 वर्ष, 75 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। इससे पूर्व मुकेश सिंह चौहान ने पुणे स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस मिलिट्री स्कूल में आयोजित 4th KUDO National Championship 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भावी मेरावी एवं अनन्या जांगले ने भी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए राष्ट्रीय मंच पर जिले एवं प्रदेश का मान बढ़ाया।
यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप वोविनाम जम्मू-कश्मीर द्वारा वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया (VAI) के तत्वावधान में तथा जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल के सहयोग से आयोजित की गई। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि अमित गोयल, महासचिव, रघुनाथ बाजार एसोसिएशन, जम्मू तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. अमित वैद, चेयरमैन, वोविनाम जम्मू-कश्मीर उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि से जिले के खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। उनकी इस सफलता ने जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया है।







