अमलेश्वर। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल का सादगी भरा अंदाज एक बार फिर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। सांसद विजय बघेल सड़क किनारे एक स्थानीय स्ट्रीट वेंडर के पास रुके और वहां से फूटू खरीदा। खास बात यह रही कि उन्होंने किसी बड़े मॉल या प्रतिष्ठित दुकान का रुख करने के बजाय सड़क किनारे रोजमर्रा की तरह सामान बेच रहे स्थानीय विक्रेता से मौसमी फूटू खरीदा।
सांसद के इस अंदाज ने स्थानीय लोगों का ध्यान खींचा। सड़क किनारे रुककर फूटू खरीदते सांसद की तस्वीरें और वीडियो भी चर्चा में हैं। फूटू को लेकर विजय बघेल ने छत्तीसगढ़ की स्थानीय परंपरा और खान-पान से इसके जुड़ाव का जिक्र किया।
फूटू का खास महत्व छत्तीसगढ़ में बारिश के मौसम के दौरान मिलने वाले फूटू की खास मांग रहती है। स्थानीय स्तर पर इसे एक मौसमी मशरूम के रूप में जाना जाता है। बारिश शुरू होने के साथ ही ग्रामीण और शहरी बाजारों में इसकी आवक दिखाई देने लगती है। सीमित समय के लिए उपलब्ध होने के कारण कई लोग इसके मौसम का इंतजार करते हैं।
विजय बघेल ने बताया कि फूटू का स्वाद लोगों को खासा पसंद आता है। इसकी मांग और सीमित उपलब्धता के चलते इसकी कीमत सामान्य मशरूम की तुलना में अधिक रहती है। फिलहाल बाजार में फूटू करीब 1200 रुपए प्रति किलो तक बिकने की बात सामने आई है। छत्तीसगढ़ के कई ग्रामीण क्षेत्रों में फूटू का इस्तेमाल पारंपरिक व्यंजनों में किया जाता है।







