अमलेश्वर। भिलाई। भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो CG 07 CX 6750 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार दो युवकों की जान चली गई। दोनों मृतक भिलाई टाउनशिप में सेक्टर 4 के रहने वाले हैं। दुर्घटना देर रात लगभग 1 से 01:30बजे के बीच कोसा नाला टोल प्लाजा के पास घटित हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।
मिली जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो सवार युवक देर रात नेहरू नगर से सुपेला की तरफ आ रहे थे । जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो कोसा नाला टोल प्लाजा के समीप पहुंची, अचानक चालक स्कॉर्पियो पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराया कर पलट गई। हादसे में प्रतीक ठाकुर पिता स्वर्गीय जुगनू लाल ठाकुर 28 साल ,क्वार्टर नंबर 18 बी, सड़क नंबर 37 सेक्टर 04 की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं, स्कॉर्पियो में सवार दूसरे युवक भास्कर पिता सुनील कुमार साहू 22 साल सेक्टर 4 सड़क 37 क्वार्टर नंबर 30 ए को गंभीर अवस्था में तत्काल बीएम शाह अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। स्कॉर्पियो की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन की गति काफी तेज थी।
अत्यधिक रफ्तार होने के कारण चालक समय रहते वाहन को संभाल नहीं सका और यह बड़ा हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सुपेला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है तथा मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के परिजनों और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है।







