जमराव। अमलेश्वर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर ग्राम जमराव में यादव समाज की ओर से पारंपरिक दहीलूट उत्सव का आयोजन धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। धार्मिक आस्था, लोकपरंपरा और सामूहिक उत्साह से सजे इस आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजनों और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
उत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की झलक देखने को मिली। दही-माखन से सजी दही हांडी को ऊंचाई पर बांधा गया, जिसे फोड़ने के लिए युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। युवाओं की टोली ने पूरे जोश और उमंग के साथ दही हांडी फोड़ी। हांडी फूटते ही उपस्थित लोगों ने जयकारों के साथ उत्सव का आनंद लिया। इस दौरान पूरा वातावरण “जय श्रीकृष्ण” और “नंद के घर आनंद भयो” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत जमराव की सरपंच श्रीमती जागेश्वरी भेष कुमार सोनकर भी शामिल हुईं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर आयोजन में सहभागिता निभाई तथा उपस्थित समाजजनों एवं ग्रामीणों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं समाज को जोड़ने का काम करती हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ गांव में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
दहीलूट उत्सव को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह रहा, वहीं महिलाओं एवं बुजुर्गों ने भी आयोजन में शामिल होकर पर्व की खुशियां साझा कीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान ग्राम में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
यादव समाज के इस आयोजन ने भक्ति के साथ परंपरा और सामाजिक एकता का संदेश दिया। सामूहिक सहभागिता से आयोजित दहीलूट उत्सव ग्राम जमराव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की खुशियों को और यादगार बना गया।







