अमलेश्वर। भिलाई। शिक्षक दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला शिक्षा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में एमजीएम पब्लिक स्कूल, मिलन चौक कैंप-2 भिलाई में शिक्षक सम्मान समारोह एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा प्रकोष्ठ के संयोजक विनोद उपाध्याय के नेतृत्व तथा सह-संयोजक अंबिका त्रिवेदी के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें सम्मानित करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे। अध्यक्षता महेश वर्मा ने की। कार्यक्रम में कंट्री डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन एसोसिएशन के सचिव अंजनी कुमार द्विवेदी वेदी, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, जे.पी. घनघोरकर, बृजमोहन उपाध्याय, कन्हैया सोनी, जलाधर, एन. सैलेजा, धनराजू, अनिल सोनी, शारदा गुप्ता, राजकुमार जायसवाल, गुरुनाम सिंह, सुभाष शर्मा, रजनी सिंह, रिंकी अग्रवाल, नीता चौरसिया, अनुराणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशंसा पत्र भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। हमारे मन में शिक्षकों के प्रति सदैव सम्मान और कृतज्ञता का भाव रहता है। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाकर हम अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हैं। सांसद बघेल ने एमजीएम समूह द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि लगभग 25 वर्ष पूर्व इस क्षेत्र में विद्यालय की शुरुआत हुई थी। अंबिका त्रिवेदी एवं उनके भाइयों द्वारा कैंप क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार के लिए कई शाखाओं एवं सरस्वती ज्ञान मंदिरों की स्थापना की गई। आज इस समूह में लगभग 2500 विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों में शिक्षकों के वेतन एवं सुविधाओं से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद शिक्षक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं, जो सराहनीय है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महेश वर्मा ने कहा कि जीवन के प्रथम गुरु माता-पिता होते हैं, जबकि शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि भाजपा शिक्षा और संस्कार के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
भोजराज सिन्हा ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती एवं शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए गुरु के जीवन में सर्वोच्च स्थान का उल्लेख किया तथा उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया।समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।







