अमलेश्वर। रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की खबर है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (KISCE), बिलासपुर की दो महिला हॉकी खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन जूनियर एशिया कप-2026 के लिए भारतीय टीम में किया गया है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी शहर में आयोजित होगी। दोनों खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए प्रेरणादायक है और इससे प्रदेश की अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने का उत्साह मिलेगा।
मधु सिदार
मधु सिदार जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड स्थित पोंगरो गांव की निवासी हैं। साधारण किसान परिवार से आने वाली मधु के माता-पिता खेती-किसानी करते हैं। मधु ने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल प्रतियोगिता और इंटर जोन चैंपियनशिप सहित कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने रायपुर में आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में भी हिस्सा लिया था। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
गीता यादव
गीता यादव कबीरधाम जिले के बोडला क्षेत्र की रहने वाली हैं। उन्होंने हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग कोच शिवा चौहान से प्राप्त की। गीता इससे पहले भारतीय टीम के साथ नीदरलैंड, बेल्जियम, अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरे पर भी हिस्सा ले चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय अनुभव और लगातार अच्छे प्रदर्शन के आधार पर अब उन्हें जूनियर एशिया कप-2026 के लिए भारतीय टीम में स्थान मिला है।
फिलहाल दोनों खिलाड़ी बिलासपुर स्थित प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। यहां उन्हें वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और हेड कोच अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में तैयार किया जा रहा है। खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह चयन राज्य की खेल नीतियों और खेलो इंडिया सेंटर की प्रशिक्षण व्यवस्था की बड़ी सफलता है।
मधु सिदार और गीता यादव का भारतीय टीम में चयन न केवल बिलासपुर खेलो इंडिया सेंटर की उपलब्धि है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ में महिला हॉकी के बढ़ते स्तर और ग्रामीण प्रतिभाओं के उभरते आत्मविश्वास का भी प्रमाण माना जा रहा है। अब पूरे प्रदेश की निगाहें चीन में होने वाले जूनियर एशिया कप पर टिकी हैं, जहां छत्तीसगढ़ की ये दोनों बेटियां भारतीय तिरंगे के साथ मैदान में उतरकर देश और राज्य का गौरव बढ़ाएंगी।







