अमलेश्वर। दुर्ग/अंडा। दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अछोटी में बुधवार शाम एक भीषण अग्निकांड से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। श्री रामचरण के मकान में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा ने बिना देर किए दो दमकल वाहनों को मौके के लिए रवाना किया। अग्निशमन दल ने पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू किया। विकराल होती आग और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच जवानों ने लगातार करीब 4 घंटे 30 मिनट तक अथक प्रयास किया और आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
अग्निशमन कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास के मकानों और अन्य क्षेत्रों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि मकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी श्री दिनेश राउटे के मार्गदर्शन में अग्निशमन दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी और घनश्याम यादव के नेतृत्व में टीम ने साहस, सूझबूझ और समर्पण का परिचय दिया। अभियान में मनोज सोनवानी, नागेश मारकांडे, धर्मेन्द्र बंजारे, पराग भोंसले, रामनाथ कुर्रे, जितेन्द्र वर्मा एवं अनंत सहित अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





