अवैध खनन में संलग्न वाहनों की जब्ती और अर्थदण्ड की वसूली जारी
रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रदेशभर में सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खनिज विभाग, जिला प्रशासन, राजस्व विभाग तथा जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा सभी जिलों में सतत जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।
जांच के दौरान रेत, पत्थर, गिट्टी, मुरूम, मिट्टी, ईंट सहित विभिन्न लघु खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलग्न पाए जाने वाले वाहनों और मशीनों को नियमानुसार जब्त किया जा रहा है। संबंधित प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार अर्थदण्ड की वसूली भी सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में सूरजपुर जिले में खनिज विभाग, राजस्व अमले एवं जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने 13 जुलाई 2026 को भैयाथान के गंगोटी क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे चार हाईवा वाहनों को पकड़ा। जांच में इन वाहनों से 56 घन मीटर अवैध रेत का परिवहन पाया गया। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चारों वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना बसदेई में सुपुर्द किया गया तथा प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग ने बताया कि प्रदेशभर में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप खनिज संपदा के संरक्षण, राजस्व की सुरक्षा तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी जिलों में नियमित निरीक्षण, संयुक्त जांच और सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




