अमलेश्वर। यूपी। आगरा से एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। जहां एक महिला ने पति को नींद की गोलिया खिलाकर मार डाला फिर शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया। महिला ने 46 दिन तक परिवार और पुलिस सभी को गुमराह करती रही। आखिर में जब पुलिस ने बाथरूम की खुदाई कराई तो फर्श के नीचे से कंकाल बरामद हुआ। इस घटना से सभी सन्न हैं। 40 साल की रूबी शर्मा के दुस्साहस ने हर किसी को हिला दिया है। घर-घर में एक ही बात है कि अकेले उसने इतना सब कुछ कैसे कर लिया। हो न हो उसके साथ कोई न कोई घटना में शामिल जरूर रहा होगा। पुलिस को भी यह सवाल परेशान कर रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। महिला का कहना है कि फिल्म दृश्यम से शव को दफनाने का आइडिया आया था।
यह कोई मामूली घटना नहीं है। वारदात ने पति-पत्नी के भरोसे की धज्जियां उड़ा दिए हैं। रिश्तों का खून हुआ है। सोशल मीडिया पर घटना चर्चा का विषय बन गई है। ठीक उसी तरह जैसे मेरठ की मुस्कान और नीला ड्रम वायरल हुआ था। उसी तरह वह बाथरूम वायरल हो रहा है जिसके नीचे रूबी शर्मा ने अपने पति सुरेंद्र कुमार शर्मा को दफनाया था। रेणुका धाम, दहतोरा में पड़ोसी सन्न हैं। महिलाएं आपस में बात कर रही हैं। रूबी तो पति के जाने के बाद फूट-फूटकर रोया करती थी। सब ड्रामा था। ताकि किसी को उस पर शक नहीं हो। हत्या के बाद रूबी ने अपने बचने के लिए वे सब कुछ किया जो पहली बार वारदात के बाद अपराधी करता है। उसने पुलिस को गच्चा देने के लिए ऐसी जगह पर शव दफनाया जहां कभी किसी को शक नहीं होता। पुलिस ने घरवालों से पूछताछ की। उनसे यह जानने का प्रयास किया कि रूबी किसी से ज्यादा बातचीत तो नहीं करती थी। कभी उसे लेकर कोई शक हुआ हो। घरवालों ने यही कहा कि घर में एक ही मोबाइल था। रूबी और सुरेंद्र दोनों उसी का प्रयोग करते थे। रूबी के घर का बाथरूम करीब दस फीट लंबा और साढ़े चार फीट चौड़ा है। उसी के फर्श के नीचे से पुलिस ने सुरेंद्र कुमार शर्मा का कंकाल बरामद किया। नींद की गोलियां खीर में देकर पत्नी हत्या तो अकेले कर सकती है लेकिन अकेले शव ठिकाने नहीं लगा सकती। पुलिस इसी एंगल से जांच कर रही है।





