रविवार देर रात पहंदा चौक में बुलेट
और स्कूटी के बीच हुई भिड़ंत,
अमलेश्वर। भिलाईनगर। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात बुलेट और स्कूटी की आमने-सामने से हुई जोरदार भिड़ंत में रायपुर निवासी 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।
अमलेश्वर थाना प्रभारी बसंत बघेल ने बताया कि रविवार रात लगभग 11.30 बजे ब्राह्मणपारा रायपुर निवासी यश शर्मा (26) स्कूटी पर राजस्थान के जयपुर निवासी किशोर व राहुल को बैठाकर पहंदा की ओर आ रहा था। तीनों रुद्र विहार में मंदिर निर्माण में काम करते थे। वहीं दूसरी तरफ श्रीराम चौक टिकरापारा रायपुर शुभम साहू (45) बुलेट से अमलेश्वर से रायपुर की तरफ जा रहा था। ग्राम पहंदा चौक के पास दोनों गाड़ियों की तेज रफ्तार में सीधी भिड़ंत हो गई। इससे दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अमलेश्वर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने यश और शुभम को मृत घोषित कर दिया। वहीं किशोर व राहुल का उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





