सांकरा। अमलेश्वर। ग्राम पंचायत सांकरा में छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में प्रधानमंत्री आवास योजना के 448 पात्र हितग्राहियों के नामों का सार्वजनिक वाचन किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम के प्रमुख नागरिकों के साथ ग्राम पंचायत के सरपंच रवि सिंगौर, सचिव ईश्वर निषाद एवं पंचगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। ग्राम सभा के दौरान हितग्राहियों को योजना की जानकारी देते हुए पारदर्शिता के साथ पात्रता सूची का वाचन किया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच रवि सिंगौर ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में अब पात्र हितग्राहियों को पक्का मकान मिलना सुनिश्चित हो गया है। उन्होंने बताया कि विशेष ग्राम सभा में 448 पात्र लोगों के नामों का वाचन किया गया है। इससे वर्षों से अपने पक्के घर का सपना देख रहे परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और उनका सपना शीघ्र ही साकार होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि योजना के माध्यम से सभी पात्र हितग्राहियों को आवास का लाभ मिलेगा तथा प्रत्येक परिवार अपने स्वयं के पक्के मकान में सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकेगा।





