अमलेश्वर। विगत हफ्ते भर से अमलेश्वर के मेन रोड, तालाब के पास जलापूर्ति करने वाली पाइपलाइन फट गई है जिससे पानी सड़क पर लगातार आ रहा है और वहां एक किनारे जाकर कई का रूप धारण कर रहा है जिससे दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
विदित हो कि यह एक मुख्य मार्ग है जो अमलेश्वर से सीधा पाटन के लिए जाता है लगातार यहां पर वाहनों की आवाजाही है चार पहिया, दोपहिया वाहन लगातार आ रहे हैं जा रहे हैं इसके अलावा लोडेड गाड़ियां हाईवा भी गुजर रही है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह पाइपलाइन भिलाई-3 चरोदा नगर निगम क्षेत्र में जलापूर्ति के लिए खारून नदी से बिछाई गई है, जो मुख्य मार्ग के बीच में ही फट गई है।पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे सड़क पर काई जम गई है और राहगीरों तथा वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
जानकारी के अनुसार स्थानीय प्रशासन द्वारा संबंधित विभाग को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया है। विभाग की इस उदासीनता को लेकर नगरवासियों में नाराजगी देखी जा रही है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से तत्काल पाइपलाइन की मरम्मत कराने तथा सड़क पर जमी काई की सफाई कराने की मांग की है, ताकि मुख्य मार्ग में संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आमजन को राहत मिल सके।





