विकास के लिए सहयोग का दिया भरोसा
अमलेश्वर। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र क्रमांक-04 के उपचुनाव में निर्वाचित जनपद सदस्य श्रीमती उर्वशी साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं देने हेतु भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी श्री सुरेंद्र साहू उनके निवास पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने श्रीमती उर्वशी साहू एवं उनके परिवारजनों से सौहार्दपूर्ण भेंट कर लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करते हुए उनकी विजय पर हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
श्री सुरेंद्र साहू ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं होता, बल्कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, गांव-गरीब, किसान, मजदूर, युवा एवं महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करना उसका प्रमुख कर्तव्य है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नव निर्वाचित जनपद सदस्य क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेंगी तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगी।
इस अवसर पर श्री सुरेंद्र साहू ने श्रीमती उर्वशी साहू को श्रीमद्भागवत गीता एवं मिठाई भेंट कर शुभकामनाएं दीं।





