नई दिल्ली :- भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट बदली है। मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तर प्रदेश-बिहार समेत 25 राज्यों में आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आंधी के साथ बारिश होगी। इन राज्यों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बिहार, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में ओले गिरने की भी संभावना है। इधर, ओडिशा में भी भारी बारिश का अलर्ट है। कल मध्य प्रदेश के भोपाल, इटारसी, छिंदवाड़ा, सिवनी समेत कई जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश हुई थी। एमपी-राजस्थान के कई जिलों में बारिश के बाद तापमान में 10 डिग्री की गिरावट आई है।
दिल्ली में बारिश राजस्थान में अलर्ट :-
वहीं, शुक्रवार को दिल्ली में हुई तबाही के बाद शनिवार को भी आंधी के साथ तेज बारिश हुई। इसका असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कई उड़ानों पर भी पड़ा और दो घंटे तक उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। राजस्थान में शनिवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया। जयपुर समेत कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। सीकर-नागौर में ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग ने आज 12 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश में आंधी बारिश का दौर :-
मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी है। ओले भी गिर रहे हैं। शनिवार को भोपाल में धूल भरी आंधी चली, जबकि कई जिलों में बारिश और ओले गिरे। रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन-जबलपुर समेत 45 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।
कैसा रहेगा महाराष्ट्र का मौसम..?
महाराष्ट्र में भीषण गर्मी से थोड़ी सी राहत देखने को मिल रही है। एक्यूवेदर के मुताबिक रविवार को राज्य का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जो कि शुक्रवार के मुकाबले 7 डिग्री कम है। इसके साथ ही यहां के कुछ जिलों तेज हवा के साथ बूंदा-बांदी की संभावनाएं हैं।
यूपी के 58 जिलों के लिए अलर्ट :-
यूपी के 58 जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। इन जिलों में बिजली गिरने की भी चेतावनी है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। 35 जिलों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी का अलर्ट है। शनिवार को मथुरा-हाथरस में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। सड़कें जलमग्न हो गईं। मेरठ-नोएडा समेत कई शहरों में बादल छाए रहे।
जुड़िये प्रदेश के सबसे तेज न्यूज़ नेटवर्क से
https://chat.whatsapp.com/HjkV5Kqy2MoKMVdSPufHlm
About The Author






