रायपुर। बिलासपुर वन मंडल के आमागुड़ा, भालुमुडा और बेलगहना में भुगतान में अनियमितता का मुद्दा पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने उठाया। मंत्री मोहम्मद अकबर ने बताया कि अनियमितता के मामले में विजय साहू, सेवक राम बैगा, मो शमीम, हित कुमार ध्रुव और मुलेश कुमार जोशी को निलंबित किया गया है।
कौशिक ने कहा कि भुगतान का अंतिम दायित्व वन मंडलाधिकारी का होता है। इसमें छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। इनकी विधानसभा में निलंबन की घोषणा की गई और बाहर निकलने केबाद दो महीने मेें बहाल कर दिया गया।
कौशिक ने पूछा कि डीएफओ ने लापरवाही बरती है, तो क्या उन पर कार्रवाई करेंगे। मंत्री अकबर ने कहा कि डीएफओ की गलती है, तो जांच करा लेंगे। कौशिक ने पूछा कि कब तब जांच पूरी होगी। इस पर मंत्री ने यशाशीघ्र जांच का आश्वासन दिया, लेकिन कौशिक समय सीमा बताने पर अड़ गए। अंत में मंत्री ने कहा कि छह महीने में जांच करा लेंगे।
कांग्रेस विधायक मोहित राम ने हाथियों से जनहानि और लंबित मुआवजा को लेकर सवाल किया। वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने बताया कि कोई भी प्रकरण भुगतान केलिए लंबित नहीं है। मोहित ने पूछा कि क्या मुआवजा राशि में बढ़ोेतरी प्रस्तावित है।
मंत्री ने बताया कि पूर्व में मुआवजा राशि को चार लाख से बढ़ाकर छह लाख किया गया है। अभी ऐसा कोई नया प्रस्ताव नहीं है। मकान की क्षति केमुआवजे के संबंध में विचार किया जा रहा है। विधायक धर्मजीत सिंह ने अचानकमार टाइगर रिजर्व का मुद्दा उठाया।
उन्होंने पूछा कि क्या मुंगेली जिले के अंतर्गत अचानकमार टाइगर रिजर्व है। क्या टाइगर रिजर्व के लिए प्रवेश द्वार खुड़िया में खोला जाना प्रस्तावित है। मंत्री ने बताया कि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। धर्मजीत सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की आड़ लेकर अधिकारी टाइगर रिजर्व में दमन कर रहे है। वहां पर गेट खोल देने से दिक्कत क्या है। कायदा-कानून की आड़ लेकर मत बचिए। इस पर मंत्री अकबर ने कहा कि मैं इसका परीक्षण करवा लूंगा।
जल जीवन मिशन में जिलेवार आवंटन नहीं
कांग्रेस विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा ने जल जीवन मिशन का मुद्दा उठाया। मंत्री रुद्र गुरु ने बताया कि जिलेवार बजट का आवंटन नहीं किया जाता। जिलेवार खर्च के लिए आहरण सीमा जारी की जाती है। रायपुर जिले में जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2021-22 में आठ लाख 32 हजार लाख और वर्ष 2022- 23 में 17 लाख 53 हजार रुपये जारी किए गए।
About The Author






