एशियन गेम्स 2023 में महिला क्रिकेट इवेंट के गोल्ड मेडल मुकाबले में भारतीय महिला टीम का श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. टीम इंडिया इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 116 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी थी. इसके बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारत ने श्रीलंका को 20 ओवरों में 97 के स्कोर पर रोकते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की. भारत की तरफ से गेंदबाजी में 18 साल की तितास साधु ने सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किए.
चमारी अटापट्टू ने की तेज शुरुआत, तितास साधु ने दिए 3 झटके :-
गोल्ड मेडल मैच में 117 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई महिला क्रिकेट टीम की तरफ से पारी की शुरुआत करने कप्तान चमारी अटापट्टू के साथ अनुष्का संजीवनी मैदान पर उतरी. कप्तान अटापट्टू ने पारी के पहले ओवर में 12 रन बनाने के साथ टीम को तेज शुरुआत देने की कोशिश की. इसके बाद भारत की तरफ से पारी का तीसरा ओवर फेंकने आईं 18 साल की तेज गेंदबाज तितास साधु ने पहली ही गेंद पर अनुष्का संजीवनी का विकेट झटकने के साथ श्रीलंका की टीम को 13 के स्कोर पर पहला झटका दिया. तितास साधु ने इसी ओवर की चौथी गेंद पर विश्मी गुणारत्ने को शून्य के स्कोर पर श्रीलंका को दूसरा झटका दिया. जल्दी-जल्दी 2 विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका की टीम पर दबाव बढ़ गया था. तितास ने अपने दूसरे ओवर में श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू को 12 के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजने के साथ श्रीलंकाई टीम को इस मैच का सबसे बड़ा झटका दिया. पहले 6 ओवरों में श्रीलंका की टीम 3 विकेट के नुकसान पर 28 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी.
8 गेंद पर झटके 3 विकेट :-
18 साल की तेज गेंदबाज तितास साधू ने भारतीय टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई. उन्होंने अपने पहले ओवर में 2 जबकि दूसरे ओवर में एक विकेट लिया. उन्होंने पहली 8 गेंद पर 3 विकेट लेकर श्रीलंका को बैकफुट पर धकेल दिया. आक्रामक बैटर और श्रीलंका टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू ने तेज शुरुआत की, लेकिन वे 12 गेंद पर 12 रन बनाकर तितास का शिकार हुईं. एक चौका और एक छक्का जड़ा. इसके बाद हसिनी परेरा ने 22 गेंद पर 25 रन बनाकर स्कोर को 50 रन तक पहुंचाया. हसिनी खतरनाक दिखाई दे रही थीं. उन्हें बाएं हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ ने पवेलियन भेजा.









