सचिन तेंदुलकर. ये नाम किसी पहचान का मोहताज नहीं. अब ऐसी शख्सियत को भला कौन खुद के साथ नहीं जोड़ना चाहेगा. भारत के चुनाव आयोग ने भी वही किया है. इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया ने सचिन तेंदुलकर को खुद से जोड़ा है. भारत के चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला करते हुए वर्ल्ड क्रिकेट में मास्टर ब्लास्टर के नाम से मशहूर रहे सचिन तेंदुलकर को अपना नेशनल आइकॉन बनाया है. सचिन तेंदुलकर की जिस तरह की इमेज रही है, इस रोल में उनसे बेहतर विकल्प शायद ही कोई हो सकता था. मतलब ये कि भारत रत्न से नवाजे जा चुके सचिन तेंदुलकर अब देश भर में चुनाव आयोग का चेहरा होंगे. बता दें कि सिर्फ भारतीय ही नहीं बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट के अंदर भी सचिन की छवि एक साफ सुथरी और बेदाग क्रिकेटर की रही है. आसान नहीं होता 24 साल तक क्रिकेट में बने रहते हुए एक सी छवि को बरकरार रख पाना. लेकिन, सचिन ने ऐसा करके दिखाया. और अब क्रिकेट से रिटायर होने के बाद भी उनकी वो छवि वैसे ही कायम है. सचिन तेंदुलकर सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं.









