रायपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में 1280 करोड़ रुपए की गड़बड़ी के मामले में फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को UAE से भारत लाया गया है। शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे उसे रायपुर की रिमांड कोर्ट में पेश किया गया।
ACB कोर्ट में जज की अनुपस्थिति के चलते उसे रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। शराब सिंडिकेट में विकास को फंड मैनेजर यानी मनीमैन की भूमिका में बताया गया है।
इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस पर UAE की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद CBI ने विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत पहुंचाया। विकास UAE में रहकर बोस्टन नाम की कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था।
ACB-EOW ने पूछताछ के लिए कोर्ट से रिमांड मांगी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने विकास को 30 नवंबर तक EOW की रिमांड पर सौंप दिया। फिर रात 12:33 बजे EOW के अधिकारी उसे कोर्ट से लेकर ACB-EOW कार्यालय पहुंचे। सोमवार को उसे फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बचाव पक्ष ने प्रत्यर्पण संधि का दिया हवाला
कोर्ट में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने दलीलें रखीं। उन्होंने भारत और UAE के बीच प्रत्यर्पण संधि और प्रत्यर्पण अधिनियम का हवाला देते हुए कहा कि आरोपी पर उसी अपराध के तहत कार्रवाई और ट्रायल किया जा सकता है, जिसके आधार पर उसे भारत लाया गया है। प्रत्यर्पण के आधार से अलग कोई नया अपराध नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
बचाव पक्ष ने आरोपी को UAE से भारत लाने की प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज भी पेश करने की मांग की। साथ ही कहा कि पूछताछ के दौरान उसके मानवाधिकारों का उल्लंघन न हो।
इसके लिए एजेंसी के किसी अधिकृत अधिकारी की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि पूछताछ की प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा सके। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने रिमांड मंजूर कर आरोपी को EOW के हवाले कर दिया।
EOW चीफ IG अमरेश मिश्रा की टीम लेकर पहुंची
आरोपी को रायपुर लाने के लिए छत्तीसगढ़ EOW की टीम से EOW चीफ IG अमरेश मिश्रा के साथ DSP रोशन आहूजा और DSP राहुल शर्मा उसे लेकर रायपुर पहुंचे। इसके बाद रात में उसे रिमांड कोर्ट में पेश किया गया।
फंड मैनेजर के तौर पर काम करने का आरोप
जांच एजेंसी के मुताबिक, विकास शराब सिंडिकेट में फंड मैनेजर यानी मनीमैन की भूमिका निभाता था। सिंडिकेट में उसे अनवर ढेबर का राइट हैंड भी कहा जाता था। उसका काम शराब कारोबार से जुड़े लोगों और अधिकारियों के बीच कमीशन की रकम के लेनदेन और उसके प्रबंधन में मदद करना था।
एजेंसी का आरोप है कि 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में हुई गड़बड़ियों से राज्य के खजाने को 1280 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ।

विकास अग्रवाल पर 1280 करोड़ की गड़बड़ी में ‘खजांची’ बताया गया है। (फाइल इमेज)
2022 में जारी हुआ था गैर-जमानती वारंट
जांच एजेंसी के मुताबिक, विकास के खिलाफ 2022 में गैर-जमानती वारंट जारी कराने की कार्रवाई की गई थी। मामले में नवंबर 2024 में चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है। इसके बावजूद वह भारत में जांच और कोर्ट की कार्रवाई से दूर UAE में रह रहा था।
मिली जानकारी के मुताबिक, वह UAE में बोस्टन कंसल्टिंग में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था। छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था।
इसके बाद UAE में लोकेशन मिलने पर वहां की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया।

27 नवंबर को विकास अग्रवाल को CBI मुंबई एयरपोर्ट लेकर पहुंची।
ED ने मैनपावर और ओवरटाइम घोटाले में रेड की थी
शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शराब घोटाले से जुड़े मैनपावर और ओवरटाइम घोटाले में रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के पांच शहरों में रेड की थी।
रायपुर के जोरा में सहायक वित्त अधिकारी (होमगार्ड और जेल) राजेंद्र सिंह, धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह और भिलाई में होटल कारोबारी के ठिकानों पर दबिश दी थी।
राजनांदगांव और बिलासपुर में भी आबकारी अधिकारियों और शराब कारोबार से जुड़े लोगों के ठिकानों पर जांच की गई थी। ED की टीम सुबह 11 बजे जोरा स्थित राजेंद्र सिंह के मकान पर पहुंची थी। वहां देर शाम तक जांच चली। राजेंद्र फिलहाल जेल विभाग में पदस्थ हैं।
वहीं, धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के सरकारी बंगले पर भी ED की टीम पहुंची थी। उस समय वहां उनके पति और हाल ही में जेल से छूटे निलंबित आबकारी अधिकारी नवीन प्रताप सिंह तोमर मौजूद थे। टीम ने दस्तावेजों की जांच के साथ घर से डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए थे।
विदेश से अब तक दो आरोपियों का प्रत्यर्पण
महादेव सट्टा मामले में सौरभ चंद्राकर और शराब घोटाला मामले में विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को विदेश से भारत लाया जाना छत्तीसगढ़ से जुड़े आर्थिक अपराधों में बड़ी कार्रवाई है। विदेश में छिपे आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की ये दो अहम सफलताएं हैं।
वहीं, शराब घोटाला मामले में केके श्रीवास्तव को छोड़कर बाकी प्रमुख आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। इनमें तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, सौम्या चौरसिया, पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा, निरंजन दास, एपी त्रिपाठी, अनवर ढेबर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल बाहर है।
जबकि शराब घोटाले के मामले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को भी जमानत मिल गई है, लेकिन अन्य लंबित केस के मामलों में रायपुर जेल में बंद है।
जानिए क्या है छत्तीसगढ़ का शराब घोटाला
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में ED जांच कर रही है। ED ने ACB में FIR दर्ज कराई है। 3200 करोड़ रुपए के घोटाले की बात कही गई है।
ED ने अपनी जांच में पाया कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में IAS अफसर अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी AP त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दिया गया था।
3,200 करोड़ का शराब घोटाला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसियों ने घोटाले का दायरा बढ़ाकर 3,200 करोड़ रुपए तक माना है। इससे पहले जांच के शुरुआती चरणों में 2,161 करोड़ और बाद में 2,883 करोड़ रुपए के आंकड़े सामने आए थे।
इस मामले में सिंडिकेट के जरिए करीब 1,200 से 1,280 करोड़ रुपए की गड़बड़ी किए जाने का आरोप है। इसी मामले में प्रमुख आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को दुबई से भारत लाया गया है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) अब तक करीब 1,000 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क या जब्त कर चुका है।







