रायपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन में स्वामी आत्मानंद पी.जी. उमाठे शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, शांतिनगर रायपुर में DAWN योजना एवं पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के संबंध में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन पैरालीगल वॉलंटियर (PLV) मोहिनी दीप द्वारा किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को DAWN योजना के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी देते हुए बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा तथा बाल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पॉक्सो एक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि यह कानून 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करता है। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी प्रकार के गलत व्यवहार, छेड़छाड़ अथवा शोषण की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी बच्चे को सहायता या संरक्षण की आवश्यकता होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं साइबर अपराध की शिकायत के लिए साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया जा सकता है। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता बढ़ाना, बाल अधिकारों की रक्षा करना तथा उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग बनाना था। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।







