रायपुर। राजधानी रायपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल में आग लगाने का मामला सामने आया है। आरोपी के पिता को वर्ष 2020 में प्रार्थी ने जेल भिजवाया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, त्रिमूर्ति नगर निवासी हिमेश सोनी की बुलेट 350 (क्रमांक CG 04 QP 0157), जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है, उसे 13 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे अज्ञात व्यक्ति ने आग के हवाले कर दिया। घटना त्रिमूर्ति नगर में नानूक दीप के घर के सामने हुई। मोटरसाइकिल में आग लगाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना देवेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 181/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(f) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में देवेंद्र नगर पुलिस ने प्रार्थी और संदेहियों से पूछताछ कर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सुशील सोनी (27 वर्ष), निवासी त्रिमूर्ति नगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल में आग लगाने की घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पिता को जेल भेजने की थी रंजिश
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2020 में प्रार्थी हिमेश सोनी द्वारा आरोपी के पिता को जेल भिजवाया गया था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने बदला लेने की नीयत से मोटरसाइकिल में आग लगा दी।
आरोपी का नाम
सुशील सोनी (27 वर्ष), पिता धनमत सोनी निवासी त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर थाना।







