दुर्ग-भिलाई: दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में 13 साल की नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में गोवर्धन पूजा के बाद चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान तीन युवक बच्ची को अपने साथ ले गए। इनमें से एक युवक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक यह गैंगरेप का मामला नहीं है। फिलहाल एक ही युवक पर दुष्कर्म का आरोप है। उसके साथ गए दोनों युवकों को भी अपहरण और अन्य धाराओं में आरोपी बनाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक घटना गांव में आयोजित रिकॉर्डिंग डांस कार्यक्रम के दौरान हुई। देर रात कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच गांव के ही तीन युवक नाबालिग को अपने साथ ले गए। इसके बाद बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि घटना के बाद तीनों युवक गांव से चले गए थे। इनमें से एक युवक अपने रिश्तेदार के घर जाकर सो गया था। पुलिस ने उसे वहीं से हिरासत में लिया। इसके अलावा एक अन्य युवक को भी पकड़ा गया है। तीसरे युवक की तलाश जारी है। पुलिस ने तीनों युवकों के परिजनों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया है।
पुलिस फिलहाल नाबालिग का बयान दर्ज कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि बच्ची को अपने साथ ले जाने वाले बाकी दोनों युवकों ने उसके साथ कोई गलत काम तो नहीं किया। पुलिस का कहना है कि बच्ची के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप है, जबकि उसके साथ गए दोनों साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रार्थी के कथन के बाद इस मामले में आगे की कार्यवाही की जाएगी।







