अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर अंतर्गत वार्ड क्रमांक 13 एवं 17 में जमीन एवं मकान पट्टा वितरण सर्वे सूची को लेकर असंतोष गहराता जा रहा है। सर्वे सूची में मूल निवासी परिवारों को अपात्र घोषित किए जाने के विरोध में प्रभावित हितग्राहियों सहित ग्रामीणों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सामूहिक ज्ञापन सौंपकर पुनः निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
वार्डवासियों कहना है कि पट्टा सर्वे सूची में वार्ड क्रमांक 13 और 17 में ऐसे कई परिवारों के सदस्यों को अपात्र कर दिया गया है, जिनके दादा-परदादा पीढ़ियों से गांव में निवास करते आ रहे हैं। पारिवारिक कारणों से अलग होकर इन परिवारों ने गांव में ही अन्य स्थानों पर अपने मकान बनाए हैं। इसके बावजूद उन्हें पट्टा सर्वे सूची में अपात्र घोषित किया गया है।
वार्ड के निवासियों ने आरोप लगाया है कि दूसरे स्थानों से आकर गांव में निवास करने वाले कुछ लोगों को पात्र सूची में शामिल किया गया है। इस तरह की विसंगतियों के कारण मूल निवासी परिवारों में नाराजगी और असंतोष व्याप्त है। आवेदन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में हुए पट्टा वितरण का उल्लेख करते हुए कहा है कि उस समय गांव में निवासरत पात्र परिवारों को समान रूप से पट्टा वितरण किया गया था। ऐसे में वर्तमान सर्वे में मूल निवासी परिवारों को अलग-अलग आधार पर अपात्र किया जाना चिंता का विषय है। वार्डवासियों ने मांग है कि जारी सर्वे सूची का दोबारा निष्पक्ष परीक्षण एवं स्थल निरीक्षण कराया जाए, साथ ही नियमानुसार पात्र हितग्राहियों के नाम सूची में शामिल किए जाएं।
वार्डवासियों ने अपने ज्ञापन में मुख्य नगर पालिका अधिकारी से सामूहिक आपत्ति पर गंभीरतापूर्वक विचार कर पुनः जांच एवं सर्वे कराने तथा सभी पात्र हितग्राहियों के साथ समान एवं न्यायोचित व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है।







