अमलेश्वर। दुर्ग। छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन के तत्वावधान में 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को दुर्ग में ‘मातृ शक्ति सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1 बजे से मिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज के सभागार में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी एवं कंवर समाज महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या देवी साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह का उद्देश्य समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना, उनकी प्रतिभा एवं उपलब्धियों का सम्मान करना और महिला सशक्तीकरण के साथ सामाजिक सहभागिता, एकता एवं समरसता को बढ़ावा देना है।
एसपी दुर्ग को आमंत्रण : कार्यक्रम के सुव्यवस्थित आयोजन, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से संपर्क किया है। संगठन के प्रांताध्यक्ष मेघनाथ यादव, अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रांताध्यक्ष भानु प्रताप यादव एवं महिला विंग की जयंती साहू ने दुर्ग के पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें समारोह का औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान पदाधिकारियों ने एसपी को कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनसमुदाय की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती तथा यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन की यह पहल समाज में महिलाओं के योगदान, शिक्षा, नेतृत्व क्षमता, प्रतिभा और सामाजिक प्रतिष्ठा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। समारोह के माध्यम से विभिन्न सामाजिक वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और सकारात्मक बदलाव का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।





