अमलेश्वर। लगातार दो बार रिपेयरिंग के बाद भी अमलेश्वर से रायपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क की जर्जर हालत से हादसे की आशंका बढ़ गई है। त्योहारी सीजन होने के कारण इस मार्ग पर लगातार वाहनों का आना-जाना बढ़ गया है बीच मार्ग में सड़क के जर्जर होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना तो करना पड़ ही रहा है वही हादसे का खतरा बना हुआ है।
विदित हो कि भिलाई-3 चरोदा नगर निगम की पाइपलाइन में लीकेज के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी। इसके बाद मरम्मत कार्य कराया गया, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे। कुछ ही दिनों में सड़क फिर से खराब हो गई और स्थिति जस की तस बनी हुई है।
सड़क निर्माण के दौरान नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के जनप्रतिनिधियों ने भी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं होने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने काम रुकवाया भी था, लेकिन कुछ दिनों बाद दोबारा काम शुरू हुआ और मरम्मत के नाम पर औपचारिकता पूरी कर दी गई। अब सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर नगर में चर्चा हो रही है। यह मार्ग पाटन और अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। ऐसे में सड़क की खराब हालत किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
वर्जन
नगर निगम भिलाई-3 चरोदा के आयुक्त सुंदरानी ने कहा कि इसकी जानकारी मुझे मिली है अतिशीघ्र इसकी मरम्मत कराई जायेगी। ताकि आवागमन सुचारू रूप से हो।





