अमलेश्वर। जिले के ग्राम अकोला स्थित खारून नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे 15 वर्षीय किशोर का शव SDRF की रेस्क्यू टीम ने बरामद कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही जिला सेनानी के निर्देशन में SDRF की टीम मोटर बोट और सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। प्रशिक्षित गोताखोर ने नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राज गुप्ता (15 वर्ष), पिता रिंकू गुप्ता, निवासी सीता नगर, रायपुर के रूप में हुई है। बताया गया है कि ग्राम अकोला स्थित खारून नदी में नहाने के दौरान किशोर पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया था। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर SDRF की टीम आवश्यक संसाधनों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने नदी में तलाश अभियान शुरू किया। इस दौरान प्रशिक्षित गोताखोर चंद्रप्रताप जंघेल ने तेज बहाव के बीच डिप डाइविंग कर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया और किशोर के शव को बरामद करने में सफलता हासिल की।
रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव को मौके पर मौजूद थाना कुम्हारी पुलिस एवं परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
अपील: नदी, नालों और जलाशयों में तेज बहाव के दौरान नहाने से बचें। विशेषकर बच्चों और किशोरों को जलाशयों के आसपास अकेले न जाने दें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।





