वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग में लिया तैयारियों का जायजा
जगदलपुर, महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू आगामी 23 अक्टूबर को बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर के एकदिवसीय महत्वपूर्ण प्रवास पर आ रही हैं। अपने इस ऐतिहासिक दौरे के दौरान राष्ट्रपति सिरहासार भवन में आयोजित पारंपरिक मुरिया दरबार में शिरकत करेंगी तथा इसके बाद लालबाग मैदान में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति के आगमन को ध्यान में रखते हुए तैयारियां अंतिम चरण में है। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, वीआईपी दीर्घा, सुरक्षा घेरा, यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े तमाम बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव, महापौर श्री संजय पाण्डे सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस मौके पर कमिश्नर श्री डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक श्री बीएन मीणा, मुख्य वन संरक्षक सुश्री स्टाइलो मंडावी, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा, वन मंडलाधिकारी श्री दीपेश कपिल, जिला पंचायत सीईओ श्री तन्मय खन्ना तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





