अमलेश्वर/दुर्ग। बेलौदी एनीकेट शिवनाथ नदी से मछली पकड़ कर वापस अपने घर जुनवानी नगपुरा लौट रहे मोटरसाइकिल चालक की लापरवाही के चलते गाड़ी अनियंत्रित हो गई। इसमें पीछे बैठे दोनों लोग घायल हो गए। एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जांच के बाद जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक संतोष कुमार गेंड्रे के खिलाफ धारा 184, 106(1) 125 ए, 281 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि 15 अगस्त की सुबह ग्राम बेलौदी एनीकेट शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने जुनवानी से संतोष गेंड्रे के मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स सी जी 07 ए एच 2128 से मृतक टिकेश्वर साहू, ऋषभ बारले और संतोष गेंड्रे गए हुए थे। वहां से वापस अपने घर जुनवानी नगपुरा चिकली मेन रोड से आ रहे थे। मोटरसाइकिल को संतोष गेंड्रे चला रहा था। बीच में टिकेश्वर साहू तथा पीछे ऋषभ बारले बैठा हुआ था। ग्राम बेलौदी आसाराम बापू आश्रम के पास नगपुरा चिखली मुख्य मार्ग पर संतोष अपनी मोटरसाइकिल को तेज व लापरवाही पूर्वक खतरनाक ढंग से चला रहा था जिससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसमें ऋषभ बारले के पीठ, हाथ, पैर, संतोष के चेहरे एवं टिकेश्वर साहू के सिर में गंभीर चोटे आई थी। उन्हें इलाज के लिए शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी ले गए जहां पर ऋषभ बारले और संतोष इलाज कराए थे। टिकेश्वर साहू को उनके परिजन रेफर कर डीकेएस अस्पताल रायपुर ले गए थे जहां पर इलाज के दौरान 19 अगस्त की रात को टिकेश्वर की मौत हो गई थी। गवाहों से पूछताछ एवं जांच के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।





