अमलेश्वर। नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम भोथली के विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई 9 दिन पश्चात विधि विधान से उनका विसर्जन किया गया। इस दौरान वार्ड के लगभग सभी नागरिक शामिल हुए।
दुर्ग जिला महासचिव कांग्रेस अहेंद्र चेलक ने बताया भोथली के स्थानों में विराजित मां दुर्गा का विधि विधान से विसर्जन किया गया। हवन के बाद मां के ज्योत-जवारा विसर्जन की प्रक्रिया शुरू हुई। इस अवसर पर मंदिर परिसर से शीतला सरोवर तालाब तक जावरा विसर्जन की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। माता के प्रति आस्था और समर्पण का भाव लिए ग्रामीणजन पूरे उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। जगह-जगह भक्तिमय वातावरण नजर आया और माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
शोभायात्रा में भक्ति गीतों ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। वहीं, पीछे चल रहे श्रद्धालु माता रानी की जय के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। धार्मिक गीतों और जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा गांव की आस्था, परंपरा और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बनी। आयोजन में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित विभिन्न आयु वर्ग के ग्रामीणों ने हिस्सा लिया, मां के भक्त मुंह में वाना छिदवाकर जवारे विसर्जन शोभायात्रा में निकले। महिलाएं, युवतियां, बालिकाएं अपने सिर पर जवारे के खप्पर रखकर चल रही थीं। पूजा- अर्चना के बाद जवारों का नदी में विसर्जन किया गया।





