अमलेश्वर। जामगांव-आर। दक्षिण पाटन के जामगांव-आर स्थित शासकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को शहीद डोमेश्वर साहू की प्रतिमा का अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पाटन विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शहीद डोमेश्वर साहू की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा महाविद्यालय परिसर में शहीद की स्मृति में वृक्षारोपण किया। समारोह को संबोधित करते हुए श्री बघेल ने कहा कि शहीदों के अमर बलिदान की बदौलत देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। शहीद देश के युवाओं के सच्चे रोल मॉडल हैं। युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
श्री बघेल ने कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपने परिवार और माता के कामों में भी हाथ बंटाना चाहिए। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, मेहनत, पारिवारिक जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम में शहीद डोमेश्वर साहू के पिता हीरालाल साहू एवं माता हेम बाई उपस्थित रहे। महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष नरेश केला ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर जनपद सदस्य रामकुमार चंद्राकर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयप्रकाश चंद्राकर, सरपंच रूपेंद्र शुक्ला, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल, प्रो. चेतना सोनी, नरेश धर दीवान, संतोष पांडे, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर,मोरध्वज चंद्राकर, डेविड चंद्राकर, प्रेमप्रकाश पांडे, रजनीश तिवारी, नीता कुम्हारे, कमलेश विश्वकर्मा, रानी साहू,उमाकांत चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





