अमलेश्वर। एकीकृत महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना जामगांव एम के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम उफरा में अंगना मिलन उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में पोषण आहार वितरण, गोद भराई तथा बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती गायत्री साहू की अध्यक्षता में हुआ। अमलेश्वर की एल्डरमैन श्रीमती लक्ष्मी देवांगन मुख्य अतिथि रही। इस अवसर पर जनपद सदस्य श्रीमती दामिनी राकेश साहू, नगर पालिका परिषद छाया पार्षद श्रीमती सुनीता साहू सहित महिला पदाधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं महिलाओं को पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। वहीं, ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती गायत्री साहू ने अपने जन्मदिन के अवसर पर बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया। उपस्थित महिलाओं एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं, बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की सहभागिता रही।







