अटल परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के
जन्मदिन पर जले दीप
अमलेश्वर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘हर घर में एक दीप जले, विकास के नाम’ संदेश के साथ जिलेभर में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसी क्रम में नगर पालिका परिषद अमलेश्वर द्वारा अटल परिसर में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्थल पर अव्यवस्था को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखने को मिली। अटल परिसर के सामने नाली के समीप गड्ढा होने के कारण कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों से तत्काल गड्ढे को दुरुस्त कराने की मांग की, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ गई।
दुर्घटना की आशंका को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं एवं एल्डरमैन ने स्वयं आगे आकर गड्ढे को समतल करने का काम किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं द्वारा स्वयं व्यवस्था सुधारने का मामला नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर सेवा और समर्पण की भावना के साथ देश को नई दिशा देने तथा विकास की गति को आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं। स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश की प्रगति के लिए किए जा रहे कार्यों को स्मरण करते हुए प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमलेश्वर कमलेश चंद्राकर, महामंत्री कैलाश यादव एवं धर्मेंद्र कौशिक, नगर पालिका अध्यक्ष दयानंद सोनकर, पार्षद राजू सोनकर, खूबिराज सोनकर, श्रीमती ललिता कुमार साहू, सोहन निषाद, श्रीमती यामिनी मनोज यादव, श्रीमती नीलम मिंज, एल्डरमैन रामाधार साहू, सुनील शर्मा, हीरालाल साहू, धर्मेंद्र सोनकर, अजीत ठाकुर, कुमार साहू, मनोज यादव, फेरहा राम धीवर, शिवा साहू, कुंज बिहारी साहू, देव पाटकर, सुमित टिकरिहा सहित नगर पालिका अमलेश्वर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।







