दुर्ग। जिले के स्मृतिनगर क्षेत्र में विदेश में MBA की पढ़ाई और नौकरी दिलाने का झांसा देकर 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोप है कि कंसल्टेंसी संचालकों ने विदेश की यूनिवर्सिटी में प्रवेश, पढ़ाई के बाद नौकरी और वीजा दिलाने का भरोसा देकर आवेदक से बड़ी रकम ली। मामले में चौकी स्मृतिनगर पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, भिलाईनगर निवासी सुमित अरमरकर ने 15 सितंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि स्मृतिनगर स्थित टॉप कैरियर कंसल्टेंसी के संचालक गगन गुप्ता, उनकी पत्नी स्वाती अग्रवाल गुप्ता और पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा ने उन्हें विदेश में MBA की पढ़ाई कराने और पढ़ाई पूरी होने के बाद अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोपियों ने यूनाइटेड किंगडम, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा की विभिन्न यूनिवर्सिटियों में प्रवेश दिलाने का दावा किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के बताए गए बैंक खातों में आवेदक ने अलग-अलग किस्तों और चेक के माध्यम से कुल 19 लाख रुपये जमा किए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर लगातार आश्वासन दिए, लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई। इसके बाद आरोपियों ने कनाडा की सिटीजनशिप, नौकरी और विजिटर वीजा के माध्यम से विदेश भेजने का भी प्रलोभन दिया।
शिकायत के अनुसार, आवेदक को किर्गिस्तान भेजा गया, लेकिन वहां भी उसे नौकरी उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद वह वापस भारत लौट आया। जब आवेदक ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने 2-2 लाख रुपये के तीन चेक दिए। बैंक में जमा करने पर ये चेक बाउंस हो गए। इसके बाद आवेदक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1375/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी गगन गुप्ता और जसविंदर सिंह डिगवा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है। वहीं आरोपी स्वाती अग्रवाल गुप्ता की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।
पुलिस अब कंसल्टेंसी से जुड़े दस्तावेज, बैंक लेनदेन और विदेश भेजने के नाम पर किए गए दावों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि विदेश में शिक्षा, नौकरी, वीजा या अन्य सेवाएं देने वाली किसी भी कंसल्टेंसी को पैसा देने से पहले उसकी वैधता और संबंधित संस्थानों की मान्यता की जांच जरूर करें। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।







