अमलेश्वर। सेलुद। ग्रामीण अंचल के प्रतिभावान विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जन्मभूमि कर्मचारी सेवा समिति, सेलुद ने सराहनीय पहल की है। समिति के तत्वावधान में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का शुभारंभ गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को शासकीय प्राथमिक शाला सेलुद के परिसर में किया गया। “शिक्षा दीप जलाने को, हम सब मिलकर आएं, नवोदय प्रवेश परीक्षा के, स्वर्णिम सपने सजाएं” के संकल्प के साथ शुरू की गई इस कोचिंग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रवेश परीक्षा के लिए बेहतर मार्गदर्शन एवं विशेष प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। समिति का मानना है कि उचित मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाएं भी प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकती हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन कई बार उचित मार्गदर्शन और संसाधनों के अभाव में विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पाते। ऐसे में निःशुल्क कोचिंग जैसी पहल विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। कोचिंग के माध्यम से बच्चों को नवोदय प्रवेश परीक्षा के पाठ्यक्रम, प्रश्नों के अभ्यास, परीक्षा पद्धति और समय प्रबंधन सहित आवश्यक विषयों की तैयारी कराई जाएगी। समिति का प्रयास है कि विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिल सके।
शुभारंभ कार्यक्रम में समाज सेवी दानेश्वर वर्मा, संतोष वर्मा, बलराम वर्मा, अनिल बनपेला एवं शिक्षिका मालती कामडे सहित समिति के अन्य सदस्य और क्षेत्र के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। क्ताओं ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। सामूहिक प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक विद्यार्थी जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। जन्मभूमि कर्मचारी सेवा समिति की यह पहल न केवल विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में मदद करेगी, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।







