बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट को जल्द नया मुख्य न्यायाधीश मिल सकता है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने ओडिशा हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस कृष्णा राम महापात्रा को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। यह सिफारिश वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा के 4 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के मद्देनजर की गई है।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की 6 अगस्त 2026 को हुई बैठक में जस्टिस कृष्णा राम महापात्रा के नाम पर विचार किया गया। इसके बाद कॉलेजियम ने केंद्र सरकार से उन्हें छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की।नियुक्ति की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जस्टिस कृष्णा राम महापात्रा छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश के तौर पर कार्यभार संभालेंगे।
कॉलेजियम की सिफारिश के बाद अब नियुक्ति की आगे की प्रक्रिया पूरी की जानी है। केंद्र सरकार की अधिसूचना और राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद नियुक्ति प्रभावी होगी।







