अमलेश्वर। दुर्ग-भिलाई। मोहन नगर थाना क्षेत्र में फर्जी नंबर प्लेट का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रायपुर निवासी युवक की कार करीब एक साल से घर पर थी, लेकिन उसके पंजीयन नंबर पर अलग-अलग जगहों के ट्रैफिक चालान और टोल कटते रहे। जांच में सामने आया कि युवक की कार का नंबर दूसरी टोयोटा यारिस पर लगाया गया था। पुलिस ने आरोपी को कार समेत गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर निवासी 26 वर्षीय मोनिश सोनी के नाम टोयोटा यारिस CG 07 BZ 5226 दुर्ग RTO में पंजीकृत है। पिछले करीब एक साल से उनके मोबाइल पर अलग-अलग स्थानों से ट्रैफिक चालान और टोल कटने के मैसेज आ रहे थे। मोनिश के मुताबिक उनकी कार ओडिशा तक नहीं गई, इसके बावजूद उनके वाहन नंबर पर करीब 2 हजार रुपए के चालान और 7 से 8 हजार रुपए की टोल राशि दर्ज हो गई।
लगातार अनजान जगहों से चालान और टोल के मैसेज मिलने के बाद मोनिश को शक हुआ कि कोई अन्य वाहन उनके नंबर का इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने मामले की जानकारी जुटाने के बाद 24 अगस्त को मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वाहन नंबर के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को हरी नगर स्थित रजत डोम के पास एक टोयोटा यारिस संदिग्ध हालत में मिली। वाहन पर भी CG 07 BZ 5226 नंबर लगा हुआ था। जांच में पता चला कि यह कार 28 वर्षीय विजय सेन, निवासी हरी नगर, दुर्ग की है। पुलिस के अनुसार विजय अपनी कार पर दूसरे वाहन का पंजीयन नंबर इस्तेमाल कर रहा था
आरोपी की कार सड़क पर चल रही थी, लेकिन उसके चालान और टोल की जानकारी रिकॉर्ड में मोनिश सोनी की कार के नंबर पर दर्ज हो रही थी। इसके कारण वास्तविक वाहन मालिक को बिना किसी गलती के आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ी। पुलिस का कहना है कि आरोपी की कार पर लगाए गए नंबर की जांच के बाद फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल का खुलासा हुआ।
मोहन नगर पुलिस ने संदिग्ध टोयोटा यारिस को जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी वाहन से संबंधित वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है।पुलिस ने विजय सेन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पिछले दिनों वाहन को किन-किन स्थानों पर चलाया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फर्जी नंबर का इस्तेमाल केवल टोल और चालान से बचने के लिए किया गया था या इसके पीछे कोई अन्य उद्देश्य भी था।
मामला दर्ज मोनिश सोनी की शिकायत पर मोहन नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 600/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 336(3), 340(2), 345(3) और 347(1) के तहत कार्रवाई की गई है।
यह मामला वाहन मालिकों के लिए भी महत्वपूर्ण चेतावनी है। अगर आपके वाहन के नाम पर किसी अनजान शहर या स्थान से लगातार चालान अथवा टोल कटने के मैसेज आ रहे हैं, तो उन्हें नजरअंदाज न करें। ऐसे मामलों में संबंधित विभाग से जानकारी लेने के साथ तुरंत पुलिस में शिकायत करना जरूरी है, ताकि फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल का समय रहते पता लगाया जा सके।
जुड़िये प्रदेश के सबसे तेज न्यूज़ नेटवर्क से
https://chat.whatsapp.com/HjkV5Kqy2MoKMVdSPufHlm







