बिलासपुर: जिले के तखतपुर विकास खंड के समडील गांव में स्कूल से घर लौटते हुए घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। एक बच्चे का शव कल ही बरामद कर लिया गया था। आज सुबह दो बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए।
स्कूल के शॉर्टकट रास्ते से नदी पार कर घर लौटते समय तीनों बच्चे अचानक तेज बहाव में बह गए थे। हादसे के बाद कल शाम से एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी। ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल पिता भुवनेश्वर जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल पिता भुवनेश्वर जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल पिता विजय जायसवाल स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे।
तीनों बच्चे शॉर्टकट रास्ते से घोंघा नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बहाव में संभवतः एक दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनो नदी में बह गए थे। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ की टीम को भी सर्चिंग में लगाया गया। कल शाम से एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में बच्चों की तलाश कर रही थी। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक बच्चे का शव कल ही बरामद कर लिया गया था।
दो अन्य लापता बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ ने रातभर अभियान जारी रखा। आज सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे एक ही घर के दो भाइयों के बच्चे थे। एक साथ तीन मासूमों की मौत की खबर से समडील गांव में मातम का माहौल है। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। मृत बच्चों में अनमोल जायसवाल कक्षा केजी-2, स्तुति जायसवाल कक्षा तीसरी और शिक्षा जायसवाल कक्षा तीसरी में पढ़ती थी।
जुड़िये प्रदेश के सबसे तेज न्यूज़ नेटवर्क से
https://chat.whatsapp.com/HjkV5Kqy2MoKMVdSPufHlm







