दुर्ग-भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र के शिवाजी चौक स्थित बाबा कॉलोनी में तीन नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 59 वर्षीय दुकानदार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी चॉकलेट और नड्डा देने का लालच देकर बच्चियों को अपने परिसर में बुलाता था और वहां उनके साथ दुष्कर्म करता था। मामला सामने आने के बाद सोमवार रात बच्चियों के परिजन छावनी थाने पहुंचे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक तीनों बच्चियों की उम्र करीब 8 से 9 वर्ष है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तीनों का मेडिकल परीक्षण कराया है। उनके बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट, बच्चियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने बच्चियों को कितनी बार और किन परिस्थितियों में अपने पास बुलाया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी बाबा कॉलोनी में नड्डा की दुकान संचालित करता है। आरोप है कि वह आसपास रहने वाले बच्चों को चॉकलेट और नड्डा देने के बहाने अपने पास बुलाता था। इसी दौरान तीन बच्चियों के साथ दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने किसी अन्य बच्चे को भी इसी तरह निशाना बनाया था या नहीं।
छावनी सीएसपी प्रशांत कुमार पैकरा ने बताया कि सोमवार रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच तीन बच्चियों से संबंधित शिकायत थाने में पहुंची थी। परिजनों की रिपोर्ट पर आरोपी दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बच्चियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उनके बयान लिए जा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट, बयानों और अन्य तथ्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है।
लोगों ने किया थाने का घेराव
घटना की जानकारी फैलने के बाद बच्चियों के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने छावनी थाने पहुंचकर घेराव किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने लोगों को मामले में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।






