दुर्ग। धमधा ब्लॉक के ग्राम तुमाकला के पूर्व सरपंच, वर्तमान सरपंच पति एवं बोरी मंडल के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रकाश सिंह कश्यप की निर्मम हत्या के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जेवरा सिरसा पुलिस चौकी के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलेभर के कांग्रेसजन सबसे पहले दुर्ग जिला चिकित्सालय की मर्च्युरी के सामने एकत्रित हुए। इसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ता पार्थिव शरीर को लेकर जेवरा सिरसा पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पार्थिव शरीर को शव वाहन से बाहर निकालकर धरना देना चाहते थे, लेकिन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर से आग्रह किया कि शव को वाहन से बाहर न निकाला जाए। अधिकारियों के अनुरोध के बार बार अनुरोध के बाद राकेश ठाकुर ने सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुख्य मार्ग पर शव वाहन के सामने धरना पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।







