अमलेश्वर। अमलेश्वर के सुदामापुरी और कृष्णापुरी कॉलोनी में लगातार हो रही रुक रुककर बारिश से कई स्थानों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। इसके चलते यहां के रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहा है। कच्ची सड़क ऊपर से नाली नहीं होने के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है।
सुदामापुरी, कृष्णापुरी अमलेश्वर के निवासियों ने बताया कि पिछले दिनों हो रही बारिश के कारण बढ़ी परेशानियों ने उनकी जिंदगी मुश्किल कर दी है। रास्तों व घरों के आसपास पानी भरा हुआ है। बच्चों का स्कूल आना-जाना मुश्किल हो गया है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सभी परेशान हैं। जहरीले जीव-जंतुओं का भी खतरा बना हुआ है। सुदामापुरी में रहने वालों ने बताया कि यहां 22 से 25 परिवार रहते हैं। पूर्व में कृषि भूमि के छोटे भूखंडों को क्रय कर वहां मकान बनाकर निवास कर रहे हैं। कॉलोनी निर्माताओं ने नियमों को ताक पर रखकर खारून नदी में मिलने वाले प्राकृतिक नाला (जल निकासी मार्ग) को बंद कर दिया है तथा चारों ओर ऊंची बाउंड्रीवॉल खड़ी कर दी है। इसके चलते बारिश में रास्तों और घरों के आसपास 4 से 5 फीट तक पानी भर गया है। हालत यह है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस भी यहां नहीं पहुंच पायेगी। रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक नाले को अवरुद्ध करने वाले बिल्डरों/कॉलोनीनाइजरों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए। पानी की निकासी शीघ्र व्यवस्था कराई जाए। रहवासियों ने फ़िरहाल अमलेश्वर पालिका के सहयोग और स्वयं की खर्चे से पानी निकासी का रास्ता बना रहे है।
क्या कहते हैं जवाबदार
इस संबंध में अमलेश्वर पालिका के अध्यक्ष दयानंद सोनकर ने कहा कि सुदामापुरी में पानी की समस्या को नाला बनाकर निकाला जाएगा। उसके लिए कार्ययोजना बनाई गई है।







