बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित विद्यानगर के मकान से लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी का मामला सामने आया है। मकान से करीब 14 तोला सोने के आभूषण चोरी हो गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है। तारबहार पुलिस मामले की जांच में जुटी गई है।
दरअसल तारबहार थाना क्षेत्र के विद्या नगर में अभय अग्रवाल किराये पर रहते हैं। उन्होंने घर की आलमारी की जांच की तो उसमें रखे सोने के नेकलेस, ईयरिंग, चूड़ियां, चेन, अंगूठी और चार पेंडेंट सहित अन्य आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल तारबाहर थाना पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
प्रारंभिक जांच में घर में काम करने वाली महिला पर संदेह जताया गया है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और फ्लैट का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अपार्टमेंट में आने-जाने वाले लोगों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित सुरागों की भी जांच कर रही है। फिलहाल मामला दर्ज कर चोरी की घटना की जांच की जा रही है।





