बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। थाना चंदनू और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गांव के ही आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते महिला की बेरहमी से हत्या की, फिर शव के साथ दुष्कर्म किया और सबूत मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर शिवनाथ नदी में फेंक दिया।
मामला थाना चंदनू क्षेत्र के सोनपुरी गांव का है। 7 जुलाई से लापता महिला दुकलिहिन बाई का शव 9 जुलाई को ग्राम तुमा के पास शिवनाथ नदी में दो अलग-अलग गठरियों में मिला था। शव की हालत देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर फोरेंसिक एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। आरोपी की तलाश में ड्रोन, नाव और सर्च लाइट का भी इस्तेमाल किया गया।
लगातार पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने गांव के ही रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने महिला के साथ गलत काम करने की कोशिश की थी। विरोध करने पर फावड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव के साथ दुष्कर्म किया और अपराध छिपाने के लिए शव के हाथ-पैर काटकर दो गठरियों में बांधकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, आरी और अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं।




