अम्लेश्वर। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में थाना परिसर में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित हेमंत साहू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि 8 जून 2026 को दोपहर लगभग 12 से 12:30 बजे के बीच अमलेश्वर थाना परिसर में उनके साथ मारपीट की गई।
शिकायत के अनुसार, हेमंत साहू अपने चाचा मोरध्वज साहू की जमानत संबंधी कार्यवाही के सिलसिले में थाना पहुंचे थे। इसी दौरान अनिता साहू, उनके पति उमेश साहू तथा उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
आवेदक ने अपनी शिकायत में बताया है कि घटना को थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों एवं अन्य लोगों ने भी देखा। मामले की लिखित शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अमलेश्वर पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जुड़िये प्रदेश के सबसे तेज न्यूज़ नेटवर्क से
https://chat.whatsapp.com/HjkV5Kqy2MoKMVdSPufHlm





