अमलेश्वर। दुर्ग। नशा मुक्ति अभियान के तहत जामुल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हेरोइन (चिट्टा) बेचने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन बीएनएस स्कूल के पास एक महिला नशीला पदार्थ बेच रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी महिला के कब्जे से 49.8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 1 हजार रुपए नगद और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 96 हजार रुपए बताई गई है, जबकि कुल जब्ती लगभग 9 लाख 97 हजार 300 रुपए की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजविन्दर कौर (25 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 27(ए) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।





