अमलेश्वर। दुर्ग,। भिलाई में बिजली का तार काटकर चोरी करने की कोशिश कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र की है, जहां युवक हाई वोल्टेज बिजली लाइन के संपर्क में आ गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक कथित तौर पर बिजली के तार को काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि युवक गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की जानकारी मिलने पर वैशाली नगर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतक की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।





