अम्लेश्वर। पाटन। पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महुदा सहित ग्राम झीट, मोतीपुर, उफरा, जमराव और कापसी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में वार्ड कार्यकारिणी के साथ-साथ बूथ अध्यक्षों एवं ग्राम प्रमुखों का गठन किया गया। इस गठन का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर कांग्रेस पार्टी की पकड़ को मजबूत करना और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना है।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सुपुत्र चैतन्य बघेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव जनहित, विकास और सामाजिक न्याय की राजनीति करती आई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन की रीढ़ को मजबूत करें तथा कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा मिल सके।





