गंज इलाके में हत्या मामले का बड़ा खुलासा, 24 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर के थाना गंज क्षेत्र अंतर्गत डब्ल्यू.आर.एस अंडरब्रिज के ऊपर वाल्टियर रेलवे लाइन के पास हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं मध्य क्षेत्र) के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। मामले में अपराध क्रमांक 140/26 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, 21 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि वाल्टियर रेलवे लाइन के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवक खून से लथपथ हालत में मृत पाया गया। जांच में मृतक की पहचान विशाल बाघ उर्फ बिट्टू निवासी जागृति नगर, थाना खमतराई के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला प्रतीत होने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि देवेन्द्र नगर निवासी कुणाल दीप को मृतक के साथ अंतिम बार घटनास्थल के आसपास देखा गया था। इस आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी कुणाल दीप ने बताया कि मृतक विशाल बाघ उर्फ बिट्टू से उसका पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथी अरविंद बाघ उर्फ आशी और एक नाबालिग के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। पूछताछ में उसने रेलवे ट्रैक के पास चाकू से हमला कर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 01 चाकू और 03 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम गठित कर जांच की गई, जिसके परिणामस्वरूप 24 घंटे के भीतर ही पूरा मामला सुलझा लिया गया।





