अम्लेश्वर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) प्लांट की स्थापना के लिए भूमिपूजन संपन्न हुआ। लगभग 57.88 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह एमआरएफ प्लांट क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को नई दिशा देगा। नगर पालिका परिषद अम्लेश्वर क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 16 ग्राम मगरघटा में इसका निर्माण होना है।
जानकारी के अनुसार घर-घर से एकत्रित मिश्रित सूखे कचरे जैसे प्लास्टिक, कागज, गत्ता, धातु, कांच आदि को अलग-अलग श्रेणियों में छांटा जाएगा। छंटाई के बाद उपयोगी सामग्री को पुनर्चक्रणकर्ताओं को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे कचरा लैंडफिल में जाने से बचेगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
एमआरएफ प्लांट स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को यहां रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इसके साथ ही यह केंद्र शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहायक होगा तथा सूखे कचरे के पुनर्चक्रण से नगरपालिका के लिए राजस्व सृजन का माध्यम भी बनेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम के अवसर पर पीआईसी मेंबर एवं पार्षद डॉ. आलोक पाल, राजू सोनकर, खूबीराज सोनकर, सोहन निषाद, यामिनी मनोज यादव सहित निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार उपस्थित रहे।









