पुलिस ने दोनों इंस्टाग्राम आईडी किया बैन
जल्द कड़ी कार्यवाही : दुर्ग पुलिस
दुर्ग। अमलेश्वर । जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के संयुक्त नेतृव में कांग्रेसजनों ने रविवार को पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल से मुलाकात कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे फेक एवं आपत्तिजनक एआई जनरेटेड वीडियो को लेकर कड़ा विरोध दर्ज करते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
गौरतलब हो कि इंस्टाग्राम पर कांग्रेस पोल खोल एवं रैंडम छत्तीसगढ़ नामक आईडी के माध्यम से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से भ्रामक, असत्य एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही थी।कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने इसे न केवल व्यक्तिगत चरित्र हनन का प्रयास बताया, बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने और राजनीतिक वातावरण को विषाक्त करने की साजिश करार दिया था।
मामला तूल पकड़ते देख, पुलिस ने दोनों इंस्टाग्राम आईडी किया बैन
सोमवार सुबह जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के निर्देशानुसार प्रभारी महामंत्री राजीव गुप्ता ने सभी जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्षगण को तत्काल पूरे मामले को लेकर अपने अपने संबंधित पुलिस थाना में अपराध दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए थे जिसके बाद शाम 5 बजे जिले भर के कांग्रेसी अपने अपने नजदीकी थाना जिसमे जामगांव आर , कुम्हारी, भिलाई-3, नंदिनी नगर अहिवारा, जामुल, धमधा, अंडा, जेवरा सिरसा, रानीतराई शामिल है पहुँचकर ब्लॉक अध्यक्षों के नेतृत्व में विरोध दर्ज कराते हुवे तत्काल एफआईआर और गिरफ्तारी के मांग पर कांग्रेसी अड़े रहे जिसके बाद आपत्तिजनक पोस्ट किए गये दोनों ही इंस्टाग्राम आईडी को बैन कर दिया गया और इंस्टाग्राम से दोनों आईडी हटा दिया गया लेकिन कांग्रेसी आईडी संचालकों के तत्काल गिरफ्तरी की मांग पर अड़े रहे पुलिस द्वारा जल्द कड़ी कार्यवाही करने का आस्वासन दिया गया है। जामगांव आर एवं रानीतराई में ब्लॉक अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कुम्हारी मनहरण यादव, भिलाई 3 श्रीकांत वर्मा, नंदिनी नगर अहिवारा उमेश साहू एवं संतोष बाफना, जामुल कमलेश साहू, धमधा शिवकुमार वर्मा, अंडा देवेंद्र देशमुख, जेवरा सिरसा में कोषाध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल के नेतृत्व में थाने पहुचे।
सुबह से ही इस पूरे मामले को लेकर जिलाध्यक्ष आक्रामक नजर आए । सुबह लगभग 10 बजे जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के निर्देश के बाद प्रभारी महामंत्री राजीव गुप्ता द्वारा जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष को पत्र लिख निर्देश दिए गए कि आप सभी अपने अपने ब्लॉक में स्थित पुलिस थाना पहुँचकर उक्त पूरे मामले में अपराध दर्ज कराएं, जिसके बाद सभी ब्लॉक अध्यक्ष बड़ी संख्या में जिले भर के थाना पहुँच कर गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
साइबर सेल को महिला आयोग का नोटिस, 7 दिन में कार्यवाही का मांगा विस्तृत ब्यौरा
इधर राज्य महिला आयोग ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के नाम से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो के मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस प्रकरण को अत्यंत संवेदनशील और गंभीर बताते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने कहा कि यह मामला न केवल एक सार्वजनिक व्यक्तित्व की छवि धूमिल करने का प्रयास है, बल्कि इससे महिला समाज की गरिमा को भी ठेस पहुंची है। आयोग ने स्पष्ट किया कि डिजिटल माध्यमों के जरिए इस तरह की भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार समाज में गलत संदेश देता है।
यह कार्रवाई कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में जिले भर के थानों में शिकायत दर्ज कराने के बाद किया गया है जिसको आयोग ने संज्ञान लिया है।
महिला आयोग ने साइबर सेल को वीडियो की तकनीकी जांच कर उसके मूल स्रोत का पता लगाने और उसे प्रसारित करने वालों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक को इस मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आयोग ने पुलिस प्रशासन और साइबर प्रकोष्ठ को सात दिनों के भीतर की गई कार्रवाई की विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया है।
महिला आयोग ने कहा है कि तकनीक का दुरुपयोग कर किसी भी व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं, की छवि खराब कर उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाना गंभीर अपराध है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि “यह केवल एक नेता की छवि खराब करने का प्रयास नहीं, बल्कि लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द पर हमला है। भाजपा सरकार के संरक्षण में फर्जी आईटी सेल और ट्रोल आर्मी इस तरह की गंदी राजनीति कर रही है। अगर सरकार और पुलिस प्रशासन जल्द दोषियों को गिरफ्तार नहीं करता, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। भाजपा सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि झूठ और दुष्प्रचार के सहारे राजनीति ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकती।”
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो जिलेभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।









